
हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में किराये में रियायत लेने के लिए सवारियां अब किराना की दुकानों से भी 100 रुपये में ग्रीन कार्ड खरीद सकेंगी। पहले ग्रीन कार्ड 50 रुपये में अड्डा कार्यालय में बनाया जाता था। तब उसकी अवधि दो साल थी, लेकिन अब कीमत 100 रुपये कर ग्रीन कार्ड की अवधि एक साल कर दी है। ग्रीन कार्ड को बढ़ावा देने और सरकारी बसों में लोगों को आकर्षित करने की दिशा में सरकार के निर्देशों के बाद इन्हें अब आम दुकानों में बिक्री के लिए उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है।
50 किमी दायरे में सफर पर मिलेगी 25 फीसदी किराये में छूट
अगर आप ग्रीन कार्ड बनाते हैं तो रोजाना 50 किलोमीटर दायरे में सफर करने पर 25 फीसदी किराये में छूट मिलेगी। सरकार के इस फैसले से ग्रीन कार्ड बनवाने के लिए धक्के भी नहीं खाने पड़ेंगे।
राज्य सरकार के निर्णयानुसार कोई भी दुकानदार या व्यक्ति मोबाइल सिम की तर्ज पर ग्रीन कार्ड बिक्री के लिए प्राप्त कर सकता है। जिस पर उन्हें कमीशन निर्धारित की गई है। 100 रुपये में ग्रीन कार्ड मिलेगा और एक साल उसकी अवधि होगी। जल्द ग्रीन कार्ड का स्टॉक बिक्री के लिए उपलब्ध करवाया जाएगा- हुमेश कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, करसोग
