
धर्मशाला। हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस और निजी बस के स्टाफ के बीच नगरोटा सूरियां में हाथापाई हो गई। बस रूट की समयसारिणी दोनों बसों के चालक-परिचालक के बीच हाथापाई का प्रमुख कारण बताया जा रहा है। एचआरटीसी बस स्टाफ ने निजी बस स्टाफ के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने तथा हाथापाई करने के संदर्भ में मामला दर्ज करवाया है। इसके बाद निजी बस का मालिक भी मामला दर्ज करवाने को लेकर पुलिस चौकी नगरोटा सूरियां पहुंच गए। लेकिन मामला दर्ज नहीं हो पाया।
इस पर निजी बस का मालिक अनुज बलोरिया सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय धर्मशाला पहुंच गए। अनुज ने बताया कि गत दिवस नगरोटा सूरियां में दोपहर सवा एक बजे एचआरटीसी बस के स्टाफ ने उनकी बस के स्टाफ के साथ धक्कामुक्की की तथा थप्पड़ मारे। लेकिन पुलिस चौकी के स्टाफ ने केवल एकतरफा कार्रवाई करते हुए एचआरटीसी की शिकायत पर उनकी बस स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज किया। अनुज ने आरोप लगाया कि उन्होंने भी एचआरटीसी बस स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज करवाना चाहा, लेकिन चौकी स्टाफ ने मामला दर्ज करने की बजाए उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोहित चावला ने कहा कि मामला उनके ध्यान में है। पुलिस चौकी को मामले की छानबीन की निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
आरोप निराधार
नगरोटा सूरियां चौकी प्रभारी प्रेम लाल ने कहा कि एचआरटीसी बस स्टाफ ने हाथापाई पर निजी बस स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने निजी बस आपरेटर की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को निराधार तथा बेबुनियाद बताते हुए कहा कि देर सायं पौने नौ बजे तक निजी बस के कंडक्टर ने कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई। बस मालिक शिकायत लेकर आया था, लेकिन शिकायत पत्र पर कंडक्टर के हस्ताक्षर नहीं हैं। बावजूद रोजनामचे पर उनकी शिकायत दर्ज है।
