
रुद्रपुर। पुराने प्राइमरी स्कूल में मंदिर निर्माण को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को मौके से खदेड़कर स्कूल के कमरे में ताला लगा दिया। इससे गांव में तनाव की स्थिति बनी है।
बुधवार को ग्राम कीरतपुर स्थित पुराने प्राइमरी स्कूल में कुछ लोगों ने मंदिर निर्माण के लिए एक कमरे में भूमि पूजन कर दिया। इसकी सूचना पर गांव के दूसरे पक्ष के लोग स्कूल में पहुंच गए। उन्होंने स्कूल के भीतर मंदिर बनाने का विरोध किया। इससे गांव में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना पर एसएसआई विक्रम राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के सामने भी दोनों पक्ष भिड़ गए। भूमि पूजन करने वाले पक्ष का कहना था कि इस स्थल पर 12 वर्ष से दुर्गा पूजन का कार्यक्रम किया जा रहा है। मंदिर स्थापना के लिए गांव वालों की लिखित सहमति ली गई है। जबकि दूसरे पक्ष ने कहा कि गांव में पहले से ही मंदिर है। उन्होंने सरकारी संपत्ति में मंदिर निर्माण का विरोध किया। मामला गरमाता देख पुलिस ने दोनों पक्षों को वहां से खदेड़ दिया और भूमि पूजन वाले कमरे में ताला लगा दिया।
