एक ही रात में आधा दर्जन घरों में चोरी

काशीपुर। एक ही रात में चोर आधा दर्जन घरों को खंगाल कर हजारों रुपये और मोबाइल चोरी कर ले गए।
सोमवार की रात चोरों ने कविनगर और उसी से लगे मोहल्ला गौतम नगर में बेखौफ होकर कई घरों में चोरियां की। चोर घरों के अंदर सोए हुए लोगों के बीच से खूंटी पर टंगी पैंट तक उठाकर ले गए। कविनगर निवासी अजय अग्रवाल पुत्र हरिओम साहरा फाइनेंस का क्लेक्शन एजेंट है। चोर छत से उसके घर में घुसे। पूरा परिवार कमरे में ही सोया हुआ था। चोर अजय अग्रवाल की तथा उनके पुत्र वैभव अग्रवाल की पैंट ले गए। अजय अग्रवाल की जेब में कलेक्शन के 70 हजार और वैभव की जेब में ढाई हजार रुपये थे। अजय अग्रवाल के मकान की कुछ दूरी पर प्रकाश कुमार का घर है। यहां से भी पैंट ले गए और जेब में 3500 रुपया निकाल कर पैंट सड़क में फेंक गए। इसी मोहल्ला के निवासी भूपेंद्र के घर में चोर घुसे परंतु जाग होने पर बिना चोरी किए भाग गए।
गौतम नगर निवासी संजय कुमार के घर में भी चोर छत घर में घुसे। संजय कुमार की पैंट और टेबिल पर रखे दो मोबाइल सेट ले गए। पैंट की जेब से डेढ़ हजार रुपया निकालकर पैंट सड़क पर फेंक गए। संजय के पड़ोसी राजकुमार के घर में भी चोर छत से घुसे और टेबिल पर रखा एक मोबाइल ले गए। नगर निगम पार्षद सर्वेश बाली की सूचना पर बांसफोड़ान चौकी प्रभारी योगेश दत्त ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया।

Related posts