एक हफ्ते में फैसला नहीं बदला तो करेंगे हड़ताल

धरवाला (चंबा)। स्कूलों में नियुक्ति के लिए प्रशिक्षण अवधि बढ़ाने पर जिला के प्रशिक्षण प्राप्त पीटीए अध्यापकों में सरकार के प्रति रोष है। पीटीए अध्यापकों ने सरकार को चेताया है कि एक हफ्ते के भीतर सरकार ने अपने फैसले को नहीं बदला तो वे हड़ताल पर बैठ जाएंगे।
वर्ष 2006-07 में पीटीए शिक्षकों को एसीवीटी तकनीकी शिक्षा बोर्ड सुंदरनगर जिला मंडी में प्रदेश सरकार की ओर से एक साल का प्रशिक्षण दिया गया था। सरकार की ओर से पीटीए शिक्षकों को आश्वासन दिया गया था कि जब प्रदेश में प्रारंभिक शिक्षा आरंभ होगी तो उन्हें नियुक्ति दे दी जाएगी।
वर्ष 2011-12 में अधीनस्थ चयन बोर्ड हमीरपुर की ओर से एक वर्ष का प्रशिक्षण प्राप्त पीटीए अध्यापकों को पात्रता के आधार पर नियुक्ति प्रदान की गई लेकिन अब चयन बोर्ड की ओर से नियुक्ति के लिए दो साल की प्रशिक्षण अवधि अनिवार्य कर दी गई है। इससे एक साल का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अध्यापकों का भविष्य अंधकारमय हो गया है। सरकार के इस फैसले से प्रशिक्षण प्राप्त पीटीए अध्यापकों में रोष है।
प्रशिक्षण प्राप्त वीरेंद्र कुमार, अनिल कुमार, मनी राम, श्रीराम, लोकेंद्र सिंह, रोहिनी देवी, सोनी शर्मा, अनीता ठाकुर, इंद्रा देवी कर्म देव और राजेश कुमार ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि सरकार नियुक्ति के लिए प्रशिक्षण की एक साल अवधि अनिवार्य करे। सरकार ने शीघ्र अपना फैसला नहीं बदला तो पीटीए अध्यापक आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे।

Related posts