
भल्याणी (कुल्लू)। जिला भाजपा 23 अगस्त को विधानसभा के घेराव की तैयारियों में जुट गई है। कुल्लू जिला से एक हजार भाजपा कार्यकर्ता शिमला जाएंगे। चार मंडलों के भाजपाई अपने-अपने क्षेत्रों के मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में विधानसभा परिसर में पहुंचेंगे। प्रदेश सरकार के खिलाफ उग्र हुई भाजपा शुक्रवार को विधानसभा का घेराव करेगी। इसमें जिला केे एक हजार कार्यकर्ता शिरकत करेंगे।
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राम सिंह तथा भाजपा के जिला महामंत्री भीम सेन शर्मा ने कहा कि मनाली मंडल से 300 कार्यकर्ता, कुल्लू मंडल से 300, बंजार तथा आनी मंडल से क्रमश: 200-200 कार्यकर्ता विस घेराव में शिरकत करने जा रहे हैं। वहीं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गणेश दत्त ने कहा कि पूरे प्रदेश से आठ हजार कार्यकर्ता शिमला पहुंचेंगे। दत्त ने कहा कि प्रदेश सरकार की अदला-बदली तथा बदला-बदली की नई रीत से भाजपा कार्यकर्ता आहत नहीं हैं, अपितु कार्यकर्ताओं का मनोबल और बढ़ा है। गणेश दत्त ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने आठ माह के कार्यकाल में विकास कार्यों को दरकिनार कर एक मात्र लक्ष्य भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने का रखा है।
शांता के आने पर है असमंजस
भल्याणी (कुल्लू)। दिल्ली में व्यस्तता के चलते पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्य सभा सांसद शांता कुमार का भाषण शायद भाजपा कार्यकर्ता नहीं सुन पाएंगे। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता गणेश दत्त ने कहा कि दिल्ली में चल रहे सत्र के चलते शांता कुमार का विस घेराव में पहुंचने पर असमंजस है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सती के नेतृत्व में विस का घेराव किया जाएगा।
