एक साल में सिर्फ तीन बार पहुंची रसोई गैस

बागेश्वर। कांडा तहसील के सिमगड़ी न्याय पंचायत सहित विभिन्न गांवों में साल में मात्र तीन बार रसोई गैस पहुंची है। गैस नहीं आने से क्षेत्र के सात हजार उपभोक्ता परेशान हैं। उन्होंने शीघ्र नियमित गैस नहीं आने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
कांग्रेस के जिला मंत्री नरेंद्र सिंह भौर्याल ने बताया कि उनके क्षेेत्र में पहले बागेश्वर गोदाम से गैस आती थी, लेकिन गत वर्ष से कांडा गोदाम से गैस भेजी जा रही है। उनके क्षेत्र में गत वर्ष सितंबर, इस वर्ष जनवरी और मई सहित साल में तीन बार गैस आपूर्ति हुई है। गैस के अभाव में स्यांकोट, महरूड़ी, सिमगड़ी, जाखनी, सेरी, भंतोला, झाकरा, मलसूना सहित दो दर्जन गांवों के सात हजार उपभोक्ता परेशान हैं। उन्होंने विभाग के अलावा क्षेत्रीय विधायक पर भी क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विधायक को सिर्फ कपकोट की चिंता सता रही है। बालीघाट से धरमघर तक लोगों की सुध नहीं ली जा रही है। चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र में हर महीने रसोई गैस की आपूर्ति नहीं हुई और क्षेत्र की उपेक्षा जारी रही तो क्षेत्र के लोगों के सहयोग से आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। इधर गैस प्रबंधक बागेश्वर और कांडा का कहना है कि क्षेत्र के कई लोगों ने अपने गैस कनेक्शनों के सही पते अभी तक नहीं लिखाए हैं। मांग के अनुसार क्षेत्र में गैस भेजी जा रही है।

Related posts