एक साल बाद भी नहीं मिली मजदूरी

बलद्वाड़ा (मंडी)। मनरेगा के तहत रोजगार कमाने के 15 दिन बाद नियमानुसार मजदूरी भुगतान का प्रावधान है लेकिन नवाणी पंचायत में एक साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कामगारों को मजदूरी का भुगतान नहीं किया है। भुगतान न होेने से कामगारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। एक दर्जन कामगार एक साल से मजदूरी भुगतान के लिए पंचायत प्रतिनिधियों के चक्कर काट रहे हैं। नवाणी पंचायत की कांता देवी, सुमा देवी, तारा देवी, नैण सिंह, रिखी राम, दिला राम, रूप लाल और नत्थू ने बताया कि उन्हाेंने जनवरी 2013 मेें पंचायत के भटेड़ा वार्ड में मनरेगा के तहत काम किया था। पंद्रह दिन बाद जब भुगतान लेने गए तो पीछे से पेमेंट न आने की बात कही गई। आज दिन तक मजदूरी नहीं मिल पाई है। मनरेगा मजदूरों ने बताया कि वे मजदूरी भुगतान को लेकर कई बार पंचायत प्रधान और वार्ड मेंबर से मिल चुके हैं। लेकिन हर बार यही जवाब मिलता है कि अभी पीछे से ही पेमेंट नहीं आई। बीडीओ अस्मिता ठाकुर ने कहा कि मामला उनके ध्यान में है। कामगाराें को अभी तक भुगतान क्यों नहीं हो पाया इसकी जांच होगी।

Related posts