
लोहाघाट। पिछले पांच दिनों से रसोई गैस के लिए गैस एजेंसी के चक्कर काट रहे लोगों को शनिवार को बहुत बड़ी राहत मिली। एक साथ तीन ट्रक गैस आने की सूचना मिलने पर सुबह से ही गैस एजेंसी में रिफलिंग के लिए लोगों विशेषकर महिलाओं की लंबी कतार लग गई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी गैस के अभाव के चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसी प्रभारी राजीव कुमार के अनुसार आज एक साथ 702 सिलेंडर आने से उपभोक्ताओं को राहत मिली है। आज बर्दाखान क्षेत्र में भी रसोई गैस की आपूर्ति की गई। उन्होंने बताया कि इस बीच एजेंसी में गैस की आपूर्ति न होने से पाटी, रीठासाहिब, रौंसाल आदि क्षेत्रों में गैस की सप्लाई नहीं हो पाई। अब लगातार सप्लाई जारी होने से ग्रामीण क्षेत्रों में भी आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
