
शिमला। हिमाचल में इसी हफ्ते 200 और सरकारी स्कूल अपग्रेड होने वाले हैं। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने विधायकों और लोगों की ओर से आई मांग के आधार पर शिक्षा विभाग को यह सूची भेजी है। शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव इस पर काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बुधवार 19 फरवरी को कैबिनेट बैठक भी बुलाई है। माना जा रहा है कि इसमें भी इन स्कूलों पर फैसला हो सकता है। अपग्रेड होने वाले स्कूलों के साथ नए खुलने वाले प्राइमरी स्कूल भी होंगे। इनमें से कुछ इसी वित्त वर्ष में खुलेंगे और कुछ अगले साल। शिक्षा विभाग वित्त महकमे के साथ इस मसले पर चर्चा कर रहा है।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने 13 फरवरी को विधानसभा में कहा था कि सरकार नई सिफारिशों पर कुछ दिन में फैसला ले लेगी। अब बुधवार को कैबिनेट की बैठक होगी। बजट सत्र के दौरान होने वाली यह तीसरी बैठक है। बुधवार को ही राज्य सरकार सदन में बजट पारित करने के लिए रखेगी। संभावना है कि यह विपक्ष की अनुपस्थिति में होगा। सत्र के अंतिम दो दिनाें में रखे जाने वाले विधेयकों पर कैबिनेट में चर्चा हो सकती है। साथ ही नए स्कूलों को अपग्रेड करने का मसला भी कैबिनेट में चर्चा के लिए आ सकता है। हालांकि ऐसी बाध्यता नहीं है। मुख्यमंत्री बतौर शिक्षा मंत्री अधिसूचना के जरिये ये आदेश दे सकते हैं। इससे पहले सत्र के दौरान प्रदेश सरकार दो बार मंत्रिमंडल की बैठक कर चुकी है। बजट सत्र 21 फरवरी को समाप्त हो रहा है।
इनसेट
अब तक 230 अपग्रेड, 65 नए स्कूल खुले
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पिछले एक साल के कार्यकाल में अब तक 230 सरकारी स्कूलों को अपग्रेड कर चुके हैं। 65 नए प्राइमरी स्कूल इस अवधि में खुले हैं। कुल 14 डिग्री कॉलेज इस दौरान खोले जा चुके हैं। इनमें से 8 वे कालेज हैं, जो पूर्व भाजपा सरकार के दौरान खुले थे, लेकिन इनके लिए भवन और बजट नहीं था। सरकार ने पहले इन्हें बंद किया और बाद में दोबारा खोल दिया।
बलद्वाड़ा में फिर खुला डिग्री कॉलेज
लोगों की मांग पूरी की कांग्रेस सरकार ने : प्रतिभा सिंह
शिमला। हिमाचल सरकार ने सरकाघाट के बलद्वाड़ा में डिग्री कॉलेज खोल दिया है। इसे पूर्व सरकार के समय खोला गया था, लेकिन कांग्रेस सरकार ने पहले इसे डि-नोटिफाई कर दिया था। अब इसे दोबारा खोला गया है। यह जानकारी सांसद प्रतिभा सिंह की ओर से जारी प्रेस बयान में दी गई। सरकार इस कॉलेज के लिए पांच करोड़ रुपये भी जारी करेगी।
मंडी की सांसद प्रतिभा सिंह ने बताया कि इस बारे में हाल ही में सरकाघाट दौरे के दौरान लोगों ने मांग की थी। सांसद ने कहा कि पूर्व सरकार ने बिना किसी बजट प्रावधान के बलद्वाड़ा में कॉलेज खोलने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक स्थानीय विद्यालय के दो कमरों में समीप के महाविद्यालय से उधार के प्रवक्ता और 7-8 छात्रों के साथ मात्र राजनीतिक लाभ प्राप्त करने के लिए कॉलेज आरंभ कर क्षेत्रवासियों का मजाक उड़ाया।
