एक सप्ताह में 11 फुट बढ़ा पौंग का जल स्तर

ठाकुरद्वारा (कांगड़ा)। मानसून की दस्तक के साथ ही ब्यास नदी पर पर बने एशिया के सबसे बड़े मानव निर्मित पौंग बांध में जल स्तर बढ़ना शुरू हो गया है। पौंग जलाशय में इस बार 26 जून को पानी का स्तर पिछले साल के मुकाबले लगभग 25 फुट ज्यादा दर्ज हुआ है। जबकि पिछले एक सप्ताह में पौंग में जल भराव के सीजन के चलते जलस्तर में करीब 11 फुट की बढ़ोतरी हुई है।
पिछले साल 26 जून को पौंग बांध का जलस्तर 1296.31 फुट रिकार्ड किया गया था। जो इस साल 1321.83 फुट तक पहुंच गया है। इस समय बांध में 33,584 क्यूसिक पानी की आमद दर्ज हो रही है तथा झील से करीब 4200 क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा है। जबकि पिछले साल इस दिन 12,005 क्यूसिक पानी की आमद रिकार्ड की गई थी और बांध से 15,705 क्यूसिक पानी छोड़ा गया था। इस साल पौंग झील में पानी का न्यूनतम जल स्तर 1310 फुट रहा, जो अब बरसात की शुरुआत के बाद बढ़कर 1321 फुट तक पहुंच गया है। उल्लेखनीय है कि करीब 40 किलोमीटर लंबे और 18 किमी चौड़े पौंग जलाशय में 1410 फुट तक पानी भर सकता है। जबकि बांध की डेड स्टोरेज क्षमता 1260 फुट रखी गई है और इसके 1335 फुट पर फ्लड गेट हैं। बांध में इस समय 396 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। बीबीएमबी के अधिकारियों की मानें तो बरसात की शुरुआत से बांध का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। चूंकि यह सीजन बांध में पानी भरने का होता है। लिहाजा, बांध से डिमांड के अनुसार ही आगे पानी छोड़ा जा रहा है।

Related posts