एक शिक्षिका वह भी छुट्टी पर

नई टिहरी। शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में स्थित प्राथमिक स्कूल सांदणाकोट के ताले शुक्रवार को नहीं खुल पाए। यहां कार्यरत शिक्षिका छुट्टी पर बताई गई हैं, जबकि शिक्षामित्र को पहले ही दूसरे स्कूल में भेजा गया है। जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही पर अभिभावकों में आक्रोश है।
पौड़ीखाल क्षेत्र में प्राथमिक शिक्षा बदहाल है। कहीं शिक्षक नहीं हैं, तो कहीं शिक्षक होने पर भी स्कूल नहीं खुल पा रहे हैं। सांदणाकोट के ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार को गांव का प्राथमिक स्कूल नहीं खुल पाया। बच्चे सुबह स्कूल गए थे लेकिन वहां गेट पर ताला लटका मिला। इससे वहां पढ़ रहे सभी 20 छात्र-छात्राएं बैरंग घर लौट गए। अभिभावकों ने पूछा तो छात्रों ने स्कूल बंद होने की सूचना दी। प्रधान नरेंद्र रावत, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विजयपाल रावत, हुकम सिंह सजवाण, सत्ये सिंह पंवार, सुंदर लाल, मकान दास स्कूल पहुंचे तो वहां मौजूद भोजन माता ने बताया कि मैडम शनिवार को छुट्टी पर चली गईं हैं। वहां कार्यरत शिक्षामित्र को दूसरे स्कूल देवीधार भेजा गया है। स्कूल प्रबंध समिति के अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षिका के छुट्टी पर चले जाने पर दूसरे शिक्षक की व्यवस्था की जानी चाहिए थी। उन्होंने बीईओ से स्कूल में शिक्षक की व्यवस्था करने की मांग की है। बीईओ बीएल भार्गव ने शिक्षिका के छुट्टी पर होने के बावत अनभिज्ञता जताते हुए सीआरसी से जानकारी लेने की बात कही है।

Related posts