एक शिक्षक के हवाले दो स्कूल

प्रशासन और नेताओं का कमाल देखो। गदरपुर में एक शिक्षक दो स्कूलों को चला रहा है। इतना बड़ा लाव लस्कर। इसमें हम नेताओं को वोट देकर चुनते हैं, अफसर हमारे टैक्स पर पलते हैं। इनसे उम्मीद की जाती है कि सार्वजनिक सुविधाएं तो उलब्ध कराएं। मगर हाल यह है कि स्कूलों में शिक्षक तक नहीं हैं।
रुद्रपुर। गदरपुर क्षेत्र के दो विद्यालय एक शिक्षक के भरोसे चल रहे हैं। इसके चलते दोनों विद्यालयों के करीब 145 बच्चों का भविष्य अधर में है। अभिभावकों व ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।
गदरपुर क्षेत्र के ग्राम कोपा में पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोपा मुन्सयारी और राप्रावि कोपा बसंता है। इन विद्यालयों में बीते वर्ष अध्यापकों के सेवानिवृत्त होने के कारण अब पूर्व मावि कोपा मुन्सयारी में ही एक मात्र शिक्षक है। उस पर दोनों विद्यालयों के बच्चों को शिक्षित करने के साथ अन्य जिम्मेदारी है। इसके चलते दोनों विद्यालयों के करीब 145 बच्चों का भविष्य अंधकारमय बना हुआ है। कई बार ग्रामीण विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति की मांग कर चुके हैं। लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर अब अभिभावकों के साथ ग्रामीण भी आंदोलन की राह में चल पड़े हैं। सोमवार को ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर राप्रावि कोपा बसंता में पांच तथा पूर्व मावि कोपा मुन्सयारी में सात अध्यापकों की नियुक्ति कराने की मांग की। साथ ही शीघ्र नियुक्ति न होने पर 23 सितंबर से जिला मुख्यालय में प्रदर्शन की चेतावनी दी है। इस मौके पर आन सिंह, मंगल सिंह, हरीश सिंह, सुंदर सिंह, भगत कोरंगा, सुभाष सिंह, दान सिंह, इंदर सिंह, चरन सिंह, गंगा आदि मौजूद थे।

Related posts