एक महीने से नहीं आया पानी

करीयां (चंबा)। ग्राम पंचाचत करीयां के तीन गांवों में एक महीने से पानी नहीं आ रहा है। इस कारण इन गांवों के लगभग 18 परिवारों के नल सूखे पड़े हैं। पानी की सप्लाई ठप होने के कारण ग्रामीणों को लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित प्राकृतिक स्रोत से पानी लाना पड़ रहा है। गुआड़ गांव में पिछले एक माह से पानी की सप्लाई पूरी तरह से ठप पड़ी हुई है। इसके अलावा फाट और उपरली गुआड़ गांव में भी पेयजल सप्लाई सुचारू रूप से नहीं हो रही है। इस कारण ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी देवी सिंह, मान सिंह, चमन सिंह, सन्नी, बिट्टू, बजीरू राम, वार्ड मेंबर उत्तम, तिलक, राकेश, मुनी लाल, देव राज, मान सिंह, चरण सिंह और देवी सिंह ने बताया कि पानी की सप्लाई ठप होने के कारण जहां उन्हें पीने का पानी नाले से लाना पड़ रहा है, वहीं मवेशियों को पानी पिलाने में भी दिक्कतें पेश आ रही हैं। उन्होंने बताया कि उनके गांवों में लंबे समय से पानी की किल्लत चल रही है। लोगों ने कहा कि सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग फीटर, जेई व सुपरवाइजर को कई बार समस्या से अवगत करवाया गया, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। इस कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि उनके गांवों में पानी की सप्लाई ठीक की जाए। उधर, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के सहायक अभियंता विकास बख्शी ने बताया कि सड़क का निर्माण कार्य चला होने के कारण पेयजल लाइन टूट जाती है। इस कारण सप्लाई ठप हो रही है। उन्होंने कहा कि विभाग के कर्मचारी हर रोज लाइन ठीक करते हैं, लेकिन ब्लास्टिंग होने से फिर से लाइन टूट जाती है। बख्शी ने कहा कि इस बारे में लोक निर्माण विभाग को सूचित कर दिया गया है।

Related posts