एक ने फंदा लगाया, दूसरे ने जहर निगला

धर्मशाला। शहर के गमरू मोहल्ले में एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। वहीं, चुवाड़ी के रहने वाले एक युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इस कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई। युवक का इलाज टांडा मेडिकल कालेज में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के घसिया राम पुत्र फजल सिंह ने सुबह साढे़ दस बजे के करीब चीड़ के पेड़ के साथ फंदे पर लटककर जान दे दी। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और चार बेटियां छोड़ गया है। वह धर्मशाला में मजदूरी का काम कर रहा था। घसिया राम सुबह अपने क्वार्टर आया था और घर से दो सौ रुपये लेकर वापस गया। उस वक्त उसने शराब पी रखी थी। जब आसपास के लोगों ने उसका पीछा किया तो उसने पीछे आने को मना किया। सुबह के वक्त जब लोग काम पर जा रहे थे, तो इसी दौरान उन्होंने घसिया को फंदे से लटका हुआ देखा। उन्होंने इसकी सूचना नप अध्यक्ष कमला पटियाल को दी। उन्होंने इस बारे मे पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। उधर, एसएचओ देसराज चंदरोटिया ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
उधर, चुवाड़ी के अगेला निवासी चैन सिंह ने कांगड़ा में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इस दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई। चैन सिंह का टांडा मेडिकल कालेज में उपचार चल रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चैन सिंह नौकरी की तलाश में आया था। बताया जा रहा है कि नौकरी न मिलने के कारण उसने जहर निगल लिया। एएसपी मोहित चावला ने बताया कि पुलिस ने आईपीसी की धारा 309 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

Related posts