एक देश, एक चुनाव पर पीएम मोदी का जोर, कहा- अब एक देश, एक संविधान

न्यूज डेस्क
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 73वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक देश एक चुनाव के अपने विचार को आगे बढ़ाया। उन्होंने देश को संबोधित करते हुए कहा कि देश के एकीकरण की प्रक्रिया हमेशा चलती रहनी चाहिए। प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार में देश के एकीकरण की प्रक्रिया की दिशा में उठाए गए कदमों की चर्चा की।

उन्होंने कहा, “हमने जीएसटी के माध्यम से वन नेशन, वन टैक्स के सपने को साकार किया है। उसी प्रकार पिछले दिनों ऊर्जा के क्षेत्र में वन नेशन, वन ग्रिड का काम भी सफलतापूर्वक संपन्न किया। उसी प्रकार से वन नेशन, वन मोबिलिटी कार्ड की व्यवस्था को भी हमने विकसित किया। और आज देश में व्यापक रूप से चर्चा चल रही है- एक देश, एकसाथ चुनाव। यह चर्चा होनी चाहिए, लोकतांत्रिक तरीके से होनी चाहिए।”

प्रधानमंत्री ने देश के विकास की बात करते हुए कहा कि पांच ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था कई लोगों को मुश्किल लग सकती है, मैं मानता हूं चुनौती बड़ी है लेकिन सोचेंगे नहीं तो देश कैसे चलेगा, हम आगे कैसे बढ़ेंगे। हमारा सपना बड़ा होना चाहिए। आजादी के 70 सालों में देश दो ट्रिलियन इकोनॉमी तक पहुंचा। फिर 2014 से 19 तक हम लोग 2 से 3 ट्रिलियन तक पहुंच गए। देशवासी साथ चलें तो पांच ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था मुश्किल नहीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया भारत को बाजार मानती है लेकिन अब हमें भी दुनिया के लिए तैयार रहना होगा। हर जिले में एक खूबी है, कोई पेंटिग के लिए मशहूर है तो कोई साड़ी के लिए। इसे दुनिया में प्रचारित करना चाहिए। देश के उत्पाद को ग्लोबल मार्केट तक पहुंचाना जरूरी है।

Related posts