
चंबा। ग्राम पंचायत भड़ियांकोठी के गांव तड़ग्रां को जोड़ने वाला घरूरू (झूला पुल) खराब हो गया। इसके कारण एक बच्चा लगभग एक घंटे तक इसमें ही फंसा रहा। बाद में ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद वहां से उसे सुरक्षित निकाला। प्राप्त जानकारी के मुताबिक रविवार को सुबह करीब आठ बजे धीरज (13) पुत्र गोपाल सिंह निवासी तड़ग्रां घर से जिला मुख्यालय की ओर जा रहा था। वह घरूरू पर चढ़कर रावी को पार करने लगा तो अचानक घरूरू की तार निकल गई और वह रावी नदी के बीच में फं स गया। लगभग एक घंटा तक वह वहीं पर फं सा रहा। इसके बाद ग्रामीणों ने बच्चे को घरूरू मेें फंसे देखा और उसे बाहर निकालने का काम शुरू किया। इससे पहले भी 23 जून, 2012 को यहां पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया था। उस दौरान इसी घरू रू पर छह स्कूली बच्चे और एक युवक फं स गए थे। इसके बाद ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन से इस घरूरू की मरम्मत करवाने की मांग उठाई, लेकिन आज तक घरूरू की मरम्मत नहीं हो पाई है। इसके चलते ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर रावी नदी को पार करना पड़ता है। स्थानीय निवासी बबलू, शम्मी कुमार, अजय कुमार, दिलीप सिंह, घिनू राम, करण सिंह, होशियार सिंह, ओंकार सिंह, बंटी कुमार, सन्नी, रूमाल सिंह और महिंद्र ने बताया कि उन्होंने इस जगह पर पैदल पुल बनाने की भी प्रशासन से मांग की, लेकिन पुल का निर्माण नहीं हो पाया है। उन्हाेंने कहा कि सोमवार को समस्या को लेकर उपायुक्त से मिलेंगे।
