एक कमरे में निकले चार ‘कोबरा’

नयनादेवी (बिलासपुर)। किसी घर में घुसे एक या दो सांप को पकड़ने के किस्से तो आए दिन सुनने को मिलते होंगे। प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयनादेवी में एक, दो या तीन नहीं बल्कि चार ‘कोबरा’ सांप एक ही कमरे से निकले। कमरे में घुसे सांपों को पंजाब के कीरतपुर से बुलाए एक सपेरे ने पकड़ा। बिलासपुर में एक साथ चार सांप पकड़ने का यह पहला मामला सामने आया है। सपेरे का दावा है कि यह नाग-नागिन की दो जोड़ियां थी।
नयनादेवी निवासी भारतभूषण रविवार रात अपने कमरे में सोया हुआ था। मध्य रात्रि अचानक कमरे में खटखटाहट की आवाज आने लगी। ध्यान से आवाज सुनने पर उसने अचानक मोबाइल की टॉर्च लगाई तो वहां उसने सांप देखा। भारत भूषण के अनुसार हालांकि उसने डंडा लेकर सांप को मारने की कोशिश भी की, लेकिन सांप अचानक गायब हो गया। वह कमरे से उठकर दूसरे कमरे में सोने चले गए। रातभर सांप के डर से वह सो नहीं पाया। सोमवार सुबह उन्होंने कीरतपुर निवासी आूमी जोगी सपेरे को यहां बुलाया। उन्होंने कहा कि सपेरे ने पहले ही कहा कि सांप कहां दिखा है। एक सांप पकड़ने का रेट पहले ही 1500 रुपये तय हुआ। यदि सांप कमरे के बाहर से आए तो उसका कोई चार्ज नहीं। सपेरे ने बीन बजानी शुरू की तो एक-एक कर कमरे में ही छुप कर बैठे चार सांप बाहर निकल आए। चारों सांपों की लंबाई काफी थी। भारत ने कहा कि सपेरे ने कहा कि यह नाग-नागिन की दो जोड़ियां है। जिसे वह अपने साथ लेकर गया।

Related posts