एक और छात्रा ने लगाया दुष्कर्म का आरोप

पांवटा साहिब: शिष्या के कथित यौन दुराचार के मामले में पुलिस रिमांड पर चल रहे शिक्षक के खिलाफ  शिलाई पुलिस ने आज एक अन्य छात्रा की शिकायत पर बच्चों को यौन उत्पीडऩ से बचाव कानून के तहत के आज दूसरी प्राथमिकी दर्ज की है जिसकी जांच डीएसपी पांवटा साहिब कर रहे हैं। काबिलेगौर हो कि गिरिपार के मिडल स्कूल शिरीक्यारी में कार्यरत शिक्षक अपनी नाबालिग शिष्याओं को छुट्टी के बाद स्कूल परिसर में बुलाकर उनका यौन शोषण करता था।

 

एक छात्रा की शिकायत पर शिलाई पुलिस ने 3 जनवरी को शिक्षक के खिलाफ  दुष्कर्म, अनुसूचित जाति एवं जनजाति संरक्षण कानून तथा यौन दुराचार से बच्चों की सुरक्षा कानून के तहत मामला दर्ज किया था जिसे रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया था। सोमवार को पांवटा की एक अदालत ने उसे 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया था। इस बीच पूछताछ में आज एक और नाबालिग छात्रा ने शिक्षक पर कथित छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।

 

बताया जा रहा शिक्षक के ऊंची सियासी रसूख के चलते मामले को दबाने की कोशिश हो रही है जिसके चलते कई छात्राएं अभी डर के मारे सामने नहीं आ रही हैं। पांवटा साहिब के डीएसपी योगेश रोल्टा ने बताया कि आरोपी शिक्षक सुरेश कुमार के खिलाफ  आज पोक्सो कानून के तहत दूसरी प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि अभी मामले में पूछताछ जारी है।

Related posts