
धारचूला/पिथौरागढ़। तांथरधार में बुधवार को हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल रविनाथ (17) को आज सुबह हल्द्वानी रेफर कर दिया है, जबकि पार्वती देवी (27) और उसके बेटे बृजेश (9) को कल ही हल्द्वानी रेफर कर दिया था। चालक बलबहादुर (55) और कमला देवी (30) पत्नी धनी नाथ का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डा. वीके मिश्रा ने बताया कि रविनाथ के सिर पर गंभीर चोट है। उसे बेहतर इलाज की जरूरत है। इस कारण उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। चालक बलबहादुर और कमला देवी की हालत में सुधार है। जिला पुलिस ने बताया कि सामान्य रूप से घायल दो लोगों का धारचूला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। उनकी स्थिति में सुधार है। रेफर किए गए घायलों की हालत गंभीर है।
उधर, दुर्घटना में मारे गए सभी लोगों का तपोवन घाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया है। अंतिम संस्कार के समय बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। रांथी ग्राम पंचायत के अंतर्गत चार गांव आते हैं। मृतकों में ज्यादातर लोग बोरागांव और धामीगांव के थे। सभी मृतकों का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम किया गया था। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया दुर्घटनास्थल पर ही गई। सरकारी आंकड़ों के अनुसार बुधवार को हुई दुर्घटना में मृतकों की संख्या 15 है।
