
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। स्थानीय अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने के दावे हवा हो रहे हैं। अस्पताल में अत्याधुनिक एक्सरे मशीन होने के बावजूद मरीजाें के एक्सरे नहीं हो रहे हैं। पएक्सरे करवाने के लिए लोगों को देहरा पहुंचना पड़ रहा है। इस पर मरीजों को 500 रुपये के करीब अतिरिक्त पैसा खर्च करना पड़ रहा है।
सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्वालामुखी में एक्सरे करवाने आए 24 वर्षीय युवक कृ ष्ण देव निवासी गाहलिया ने बताया कि उनकी कमर का एक्सरे होना था। मगर उन्हें एक्सरे करवाने के लिए देहरा अस्पताल जाना पड़ा। इस दौरान उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल में लाखों रुपये खर्च कर एक्सरे मशीन रखी गई है, मगर मरीजों को एक्सरे के लिए देहरा अस्पताल रेफर किया जा रहा है। दर्शन कुमार ने बताया कि वह ज्वालामुखी अस्पताल में बेटे को एक्सरे करवाने लाए थे।
एक्सरे न होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। देहरा में एक्सरे करवाने के लिए उन्हें 500 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ेे। रोगी कल्याण समिति सदस्य राजेश नाग का कहना है कि मरीज को अस्पताल में ही एक्सरे सुविधा मिलनी चाहिए। अस्पताल में एक्स रे टेक्नीशियन सुमनलता का कहना है कि वोल्टेज के कम और बढ़ जाने के कारण एक्सरे नहीं करवा जा रहे हैं। जैसे ही समस्या का हल हो जाएगा तो रूटीन में एक्सरे करवाएं जाएंगे।
