एकाउंट और एटीएम की जानकारी न दें

चंपावत। यदि कोई व्यक्ति आपको फोन कर एकाउंट नंबर और एटीएम कार्ड के बारे में पूछताछ करता है तो सावधान हो जाइए। नहीं तो आप बड़ी मुसीबत में फंस सकते हैं। इसकी जानकारी आप तत्काल संबंधित बैंक शाखा और पुलिस को दें। आजकल साइब्रर क्राइम की दुनिया में एक ऐसा गिरोह सक्रिय है। बीते सोमवार को लोहाघाट निवासी एक व्यक्ति के एकाउंट से इस गिरोह ने साढे़ दस हजार रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
लोहाघाट एसबीआई के शाखा प्रबंधक रजनीश साह ने बताया कि बीती 23 सितंबर को लोहाघाट निवासी संजय कुमार पंत को एक व्यक्ति ने फोन करके कहा कि मैं, एसबीआई के हेड क्वार्टर से बोल रहा हूं। इस समय सभी खाताधारकों की जांच चल रही है, इसलिए आप अपना खाता नंबर, पिन नंबर और एटीएम नंबर बताइये। श्री पंत ने फोन करने वाले पर विश्वास जताते हुए सब कुछ बता दिया। उसी दिन श्री पंत के एकाउंट से साढ़े दस हजार रुपये निकाल लिए गए। श्री पंत ने इसकी जानकारी शाखा प्रबंधक को दी। बैंक ने खाते पर रोक लगा दी है। मैनेजर श्री साह ने कई और लोगों के पास भी इस तरह के फोन आने की पुष्टि की है।
चंपावत एसबीआई शाखा के उपप्रबंधक परिचालन जर्नादन चिलकोटी ने बताया कि बीते 25 सितंबर को टीएस बोहरा और श्री खर्कवाल को ऐसा ही फोन आया। श्री खर्कवाल ने फोन करने वाले शख्स को एटीएम नंबर बता दिया। बाद में श्री बोहरा और खर्कवाल ने इसकी जानकारी बैंक को दी। सावधानी बरतते हुए एसबीआई ने दोनों ग्राहकों के खाते लॉक कर दिए हैं। श्री चिलकोटी और साह ने लोगों से अपील की है कि वे अपना खाता नंबर और अन्य जानकारी किसी को भी नहीं दें।

Related posts