एकता से ही मिलेगी मंजिल

पालमपुर (कांगड़ा)। आपसी कलह और गुटबाजी के चलते विधानसभा चुनावों में चारों खाने चित हुई भाजपा को उन चुनावों का सबक याद आ गया है। अभ्यास शिविर के दूसरे दिन कई भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं व मौजूद नेताओं को आने वाले लोकसभा चुनावों को लेकर नसीहत दी कि जब पार्टी में एकजुटता होगी तभी पार्टी चारों सीटों पर जीत दर्ज कर पाएगी।
अभ्यास शिविर में किसी नेता ने गुटबाजी को लेकर बेशक कोई बात नहीं की हो। लेकिन लोकसभा चुनाव को देख और राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह के कहे शब्दों की सीख लेकर सभी वक्ताओं ने पार्टी की एकजुटता और लोकसभा चुनावों पर अपना फोकस रखा। हालांकि दो खेमों में बंटी प्रदेश भाजपा के नेताओं में इस अभ्यास वर्ग में अभी तक गुटबाजी की कोई लकीर सामने नहीं आई है। इसका श्रेय प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती और अभ्यास प्रबंधन के मुखिया प्रदेश भाजपा महामंत्री विपिन सिंह परमार को भी जाता है। भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने कहा कि लोस चुनाव भाजपा के लिए अति महत्वपूर्ण है और इसके लिए हमें आज से ही काम शुरू करना पड़ेगा। जनता कांग्रेस को हटाने का पूरा मन बना चुकी है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि जनता आज कांग्रेस से तंग आ चुकी है। लेकिन भाजपा को सत्ता में लाने के लिए हम सब को मिलकर काम करना होगा।

ये रहे मौजूद
इस मौके पर प्रदेश महामंत्री जेपी नड्डा, भाजपा प्रभारी बलबीर पुंज, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती, विधायक रविंद्र रवि, गुलाब सिंह ठाकुर, जय राम ठाकुर, राजीव बिंदल, सरवीण चौधरी, पूर्व मंत्री किशन कपूर, खीमी राम, प्रदेश भाजपा महामंत्री विपिन सिंह परमार, विधायक रणधीर शर्मा, विक्रम ठाकुर, गोविंद ठाकुर, त्रिलोक कपूर, संजय उपाध्याय, महिला आयोग अध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर, पूर्व विधायक प्रवीण कुमार, डा. राम लाल मारकंडेय, अजय सिंह, राजीव भारद्वाज, गांधी राणा, बीडीसी अध्यक्ष संजीव राणा, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी हिमांशु मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी तनु भारती, सह प्रभारी संजय वालिया, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुदेश राणा, इंदु गोस्वामी, अरविंद शर्मा, अमर जीत, डीआर ठाकुर, राकेश कुमारी, अनीता शर्मा, शोभापुरी, स्नेह शर्मा, सुषमा भट्ट, सुदर्शना देवी आदि मौजूद थे।

Related posts