
कर्णप्रयाग। छात्रसंघ चुनाव आमसभा में अध्यक्ष व अन्य पदों के लिए मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने महाविद्यालय के विकास और समस्याओं के निस्तारण किए जाने की बात कही। इसके बाद प्रत्याशियों के समर्थकों ने बाजार में जुलूस निकाला।
छात्रसंघ चुनाव के लिए आयोजित आमसभा में प्राचार्य डा. जीसी बेंजवाल ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता कठिन परिश्रम से मिलती है। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एपी उनियाल के संचालन में हुई आमसभा में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव, यूआर और कार्यकारिणी सदस्य के लिए मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने महाविद्यालय को पीजी का दर्जा दिलाए जाने, स्नातक में नए विषयों के सृजन, शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने, पुस्तकालय और छात्रावास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाने की बात कही। वहीं पिछले पांच साल में यह पहला मौका था, जब छात्रसंघ चुनाव की आमसभा में छात्राएं मौजूद थी। 1707 छात्र संख्या वाले महाविद्यालय में जहां 1071 छात्राएं हैं, वहीं अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र छात्रा रचना नेगी प्रत्याशी है।
