
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। बुधवार रात को जागरण देखने जा रहे चार युवकों को रोककर उन्हें अकारण पीटने के आरोप में पुलिस चौकी संसारपुर टैरेस में तैनात एक एएसआई के खिलाफ डीएसपी देहरा को शिकायत पत्र सौंपा गया है।
पीड़ित युवक घनश्याम पुत्र विजय शर्मा निवासी जखूणी, प्रदीप कुमार पुत्र सतपाल सिंह, रोहित कुमार पुत्र रछपाल सिंह निवासी नंगल बस्सी (कस्बा कोटला) और सौरभ पुत्र क्रांति कुमार निवासी नंगल बस्सी ने डीएसपी देहरा को सौंपे शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि 12 जून को रात करीब 10 बजे वह बाइक पर जागरण देखने जा रहे थे। रास्ते में पुलिस का नाका होने और पुलिस के रोकने पर उन्होंने अपनी बाइक रोक दी। लेकिन पुलिस ने बिना किसी कारण के उन्हें पीटना शुरू कर दिया, जिससे उन्हें काफी चोटें आई हैं। युवकों का आरोप है कि नाके के दौरान अधिकतर पुलिस वाले बगैर वर्दी में थे। शुक्रवार को सभी युवकों ने डीएसपी देहरा से मिलकर इस बारे में शिकायत पत्र सौंप दिया है, जिसमें पीटने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। उधर, इस बारे में डीएसपी देहरा बीडी भाटिया ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
