
काशीपुर। आईटीआई क्षेत्र के दर्जनों लोगों ने एक एएसआई द्वारा अभद्रता और अशोभनीय भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में सीओ और कोतवाल का घेराव कर प्रदर्शन किया। अधिकारियों द्वारा एएसआई के पक्ष में वार्ता करने पर लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी।
रविवार को आईटीआई क्षेत्र के दर्जनों लोग पूर्व विधायक राजीव अग्रवाल और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र मानस के नेतृत्व में जुलूस के रूप में कोतवाली पहुंचे। जहां उन्होंने प्रदर्शन कर सीओ प्रकाश चंद व कोतवाल डीसी ढौंडियाल का घेराव किया। लोगों ने आरोप लगाया कि आईटीआई चौकी में तैनात एएसआई कोमल सिंह आए दिन लोगों से अभद्रता करते हैं। क्षेत्र के लोगों से अशोभनीय भाषा का प्रयोग करते हैं, जिससे लोग अपनी शिकायतें चौकी में ले जाने से डरने लगे हैं। वहीं राधेहरि डिग्री कालेज के छात्रों ने एएसआई पर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान में कालेज में चुनाव प्रक्रिया चल रही है। कालेज में आकर एएसआई छात्रों के साथ भी अभद्रता करते है। लोगों ने कहा कि पहले भी जब उक्त एएसआई कटोराताल चौकी में तैनात था तब भी वह कई लोगों से अभद्रता कर चुका है, जिसके बाद उसे हटाकर आईटीआई चौकी भेज दिया गया। बावजूद इसके उनमें कोई सुधार नहीं आया है। लोगों ने सीओ से एएसआई को अपने बर्ताव में सुधार लाने की मांग की। इधर एएसआई कोमल सिंह ने बताया कि बीते दिन एक भाजपा नेता का भतीजा ट्रक को ओवर टेक कर रहा था। इसी बात को लेकर ट्रक चालक और कार चला रहे भाजपा नेता के भतीजे के बीच विवाद हुआ। जिसपर वह ट्रक चालक को पकड़कर चौकी ले आए। आरोप है कि भाजपा नेता ने चौकी आकर हिरासत में लिए चालक के साथ मारपीट की। जिन्हें ऐसा करने से उन्होंने मना किया।
घेराव करने वालों में निहाल वर्मा, राघव मानस, विभू शर्मा, अंकित बंसल, सुमित आर्या, शरद सिंह, रामचंद्र, विक्की चौहान आदि मौजूद थे।
