ऊना में खुलेगा मेगा फूड पार्क, खुलेंगी बंपर वेकेंसी

सिंगा में प्रस्तावित मेगा फूड पार्क में छह हजार बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा। 53 एकड़ में इस पार्क की स्थापना होगी और एक दर्जन से अधिक प्रोजेक्ट इस पार्क पर शुरू होंगे।

इस के लिए भूमि खरीद की अनुमति मिल गई है। प्रथम यूनिट में लैंड और भवन निर्माण पर 14.91 करोड़, प्लांट पर 1688 करोड़ और संपतियों पर 34.46 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

मेगा फूड पार्क पर कुल 300 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। 16 फरवरी को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह इसका शिलान्यास करने वाले हैं।

इस पार्क के तैयार होने के बाद यहां प्लाटिंग होगी और प्लाट उद्यमियों को दिए जा सकेंगे। हिमाचली और गैर हिमाचली उद्यमी यहां का रुख करेंगे।

उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि ऊना जिले के लिए दो फूड पार्क स्वीकृत हुए हैं। इनमें से एक पार्क हरोली हलके के सिंगा में स्थापित किया जा रहा है। तय है कि इसके बाद दूसरे पार्क की स्थापना भी रोजगार के द्वार खोलेगी।

पार्क का निर्माण होने के बाद प्लॉटिंग के पश्चात प्लॉटों के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।

उद्योग विभाग के उपनिदेशक तिलक राज शर्मा ने कहा कि 16 फरवरी को शिलान्यास के पश्चात कार्य शुरू होगा और करीब छह हजार बेरोजगारों के लिए रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि पार्क के लिए लैंड परचेजिंग की अनुमति मिल गई है।

Related posts