
ऊना। स्थानीय राजकीय महाविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ऊना इकाई ने सोमवार को रूसा के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। एबीवीपी इकाई के कार्यकर्ताओं ने इकाई अध्यक्ष रजत के नेतृत्व में एकत्रित होकर प्रदेश विवि के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रोष जताया।
एबीवीपी इकाई के सचिव शिवम पराशर ने कहा कि प्रदेश विवि ने रूसा सिस्टम को लागू कर प्रदेश के हजारों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। रूसा सिस्टम के लागू होने से जहां प्रदेश के हजारों छात्रों को अपने पसंदीदा विषय में दाखिला नहीं मिल पा रहा है, वहीं छात्रों को मजबूरन निजी शैक्षणिक संस्थानों में दाखिला लेना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अंडर ग्रेजुएट कक्षाओं में विभिन्न कोर्सेज में दाखिले के लिए निर्धारित की गई सीटों की सीमा को बढ़ाया जाए तथा इस सीमा को खत्म कर दिया जाए, जिससे छात्र अपने पसंदीदा विषयों में दाखिला ले सकें। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही रूसा सिस्टम बंद नहीं किया गया तो एबीवीपी उग्र आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी जिम्मेवार विवि एवं प्रदेश सरकार होगी।
इस अवसर पर रंजनदीप, दीक्षा खजांची, प्रियंका, शालू, प्रियंका, विशाली, अंजली, शानू, निर्मल, अनीश, कलसी, गौरी, शिवानी सहित अन्य एबीवीपी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
