
लोहाघाट। ब्लाक अंतर्गत कोयाटी और बलांई गांवों के लोगों को उरेडा ने 300 रुपये में सोलर लालटेन वितरण का कार्य शुरू कर दिया है। उरेडा के तकनीकि प्रभारी एमएस जंगपांगी, डीएस बिष्ट के अनुसार कोयाटी में 95, बलांई में 112 लोगों को लालटेन वितरित की जानी हैं। आज दोनों गांवों के कुल 85 लोग लालटेन ले गए हैं। विभाग द्वारा वितरण के लिए महिला पुरुषों का एक ही काउंटर बनाए जाने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वितरण कार्य में मुकेश माहरा, दीपक कुमार, प्रहलाद सिंह आदि सहयोग कर रहे हैं, जबकि व्यवस्था बनाने में पुलिस के जवान जुटे हुए हैं। मंगलवार को खूना बोरा गांव के लोगाें को लालटेन वितरित की जाएगी। लोगों ने यह भी शिकायत की है कि उन्हें दी गई लालटेन मिलने के साथ ही खराब हो जा रही हैं।
उधर, रायनगर चौड़ी के लोगों द्वारा दूसरे चरण के लालटेन वितरण में उनके गांव की उपेक्षा किए जाने पर रोष प्रकट किया है। ग्रामीणों का कहना है कि भुमलाई न्याय पंचायत अंतर्गत विभाग द्वारा रायनगर चौड़ी को छोड़कर सभी गांवों को लालटेन देने की तिथियां निर्धारित की गई हैं। ग्राम प्रधान प्रकाश राय, भैरव राय, युवक मंगल दल के देवेंद्र राय, गिरीश राय, राजेश राय आदि ने गांव की उपेक्षा पर भारी आक्रोश व्यक्त करते हुए शीघ्र वितरण की तिथि घोषित न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
