उरला में खुली लोनिवि की पोल

उरला (मंडी)। पधर उपमंडल के उरला क्षेत्र में मंगलवार को भारी बारिश हुई। इससे नेशनल हाईवे की नालियां खराब होने के कारण सड़क का सारा पानी दुकानों और किसानों के खेतों में घुसा। दुकानदारों का खासा नुकसान हुआ। लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। बरसात की पहली बारिश ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली की पोल खोलकर रख दी है।
जमना दास, गुड्डू राम, नरेंद्र भट्टाचार्य, अमनदीप शर्मा और श्याम लाल आदि दुकानदाराें का कहना है कि नेशनल हाईवे के किनारे नालियों के ठीक न होने से सड़क का पानी दुकानों में जा रहा है। गुस्साए ग्रामीणों ने लोनिवि से गुहार लगाई है कि नालियों को शीघ्र ठीक किया जाए अन्यथा मजबूरन संघर्ष पर उतारू होना पड़ेगा।

मक्की की फसल को हो सकता है नुकसान
किसानों के अनुसार भारी बारिश हाल ही में बीजी गई मक्की की फसल के लिए भी नुकसानदायक है। किसानों के मुताबिक बीजी गई फसल को लगभग दो सप्ताह तक साफ मौसम और तेज धूप की आवश्यकता है। किसानों में भादर सिंह, रोशन लाल, लाल सिंह, गुलजारी लाल, राजकुमार, खेम सिंह और पवन कुमार आदि का कहना है कि बारिश नहीं थमती है तो बोयी गइ मक्की की फसल खराब हो सकती है।

Related posts