उफनाई शारदा से टनकपुर में तबाही

टनकपुर। विगत दिनों हुई बारिश से उफनाई शारदा ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। हालांकि बुधवार को धूप रहने से लोगों ने राहत महसूस किया। प्रशासन ने पूर्णागिरि मार्ग को आवाजाही के लिए खोल दिया है। सौ से अधिक वाहन और फंसे यात्रियों ने राहत की सांस ली है। प्रशासन ने सुरक्षा के तहत शारदा चुंगी कालोनी को खाली कराने के निर्देश दिए हैं। शारदा के उफान में तीन पक्के मकान और आधा दर्जन झोपड़ियों बह गई हैं। पांच दर्जन से अधिक मकानों में मलबा आ गया है।
पूर्णागिरि मार्ग से लगे बूम में एक फार्म हाउस तथा स्वामी विजयानंद द्वारा निर्माणाधीन श्रीमद् आदि शंकराचार्य मोक्ष आश्रम शारदा में समा गया है। उधर, टनकपुर बैराज के समीप नदी तटबंध में हो रहे भूकटाव की रोकथाम को एनएचपीसी प्रशासन तेजी से जुट गया है। गौरतलब है कि विगत दिनों पहाड़ों में हुई वर्षा से शारदा का जलस्तर तेजी से बढ़कर खतरे के निशान के काफी ऊपर पहुंच गया था। उफनाई शारदा ने शारदा स्नान घाट व आसपास के कुछ भवन पूरी तरह ध्वस्त कर दिए। प्रशासन ने पूर्णागिरि मार्ग को ठीक कर आवागमन के लिए खोल दिया गया है, सुरक्षा के तहत बूम आगे वाहनों के संचालन पर रोक लगाई है। एसडीएम जसवंत सिंह राठौर ने बताया कि बरसात में शारदा के उफान में आने व बाढ़ के खतरे के तहत शारदा तट को खाली कराया गया है। नागरिकों को सुरक्षित स्थानों में पहुंचाया गया है।

Related posts