उप प्रभागीय वनाधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश

चंपावत/लोहाघाट/टनकपुर। डीएम दीपेंद्र चौधरी ने तहसील दिवस को जन सुविधा शिविरों की शक्ल दी गई। पाटी में उन्होंने दर्जा राज्यमंत्री खुशाल सिंह अधिकारी की मौजूदगी में इसकी शुरुआत की। उन्होंने उप प्रभागीय वनाधिकारी के न आने पर उनका वेतन रोकने का आदेश दिया। तहसील दिवस में 51 शिकायतें दर्ज की गई। जिसमें अधिकांश आवासीय सुविधाओं तथा विद्युत समस्या को लेकर थी। नवीन डुंगरा की आवासविहीन महिला खीमा देवी को आवासीय सुविधा के लिए कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सीडीओ जेके तिवारी, सीएमओ डा.हरीश चंद्रा, एपीडी महेश कुमार, बीडीओ केसी जोशी समेत जिला स्तर के 58 अधिकारी मौजूद थे। संचालन एसडीएम प्रत्यूष सिंह ने किया।
चंपावत में एसडीएम अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता और नायब तहसीलदार बद्री सिंह रौतेला के संचालन में आयोजित तहसील दिवस में दस शिकायतें दर्ज की गई। इस मौके पर पीएमजीएसवाई, नगर पालिका, पशुपालन, पंचायतीराज, जल संस्थान और बिजली विभाग सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। टनकपुर तहसील दिवस में चार विभाग के अधिकारी अनुपस्थित रहे, जिनके खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है। 17 जून की आपदा के बाद पहली बार आयोजित तहसील दिवस में 47 समस्याएं दर्ज हुई। अधिकांश समस्याएं दैवीय आपदा से जुड़ी थी। एसडीएम ने बताया कि संबंधित विभागों को आपदा से क्षति का निरीक्षण करने तथा जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। तहसील दिवस में समाज कल्याण, जल निगम, स्वजल तथा उद्योग विभाग का कोई अधिकारी उपस्थित नहीं हुआ। जिनके खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है।

Related posts