उप चुनाव में भरमौर के टीचर स्थानांतरित

भरमौर (चंबा)। मंडी संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले जनजातीय क्षेत्र भरमौर में शिक्षा विभाग ने आचार संहिता के दौरान कुछ टीचरों के तबादले किए हैं। इस संबंध में चुनाव आयोग की इजाजत नहीं ली गई है और जनजातीय क्षेत्र के प्रशासक को भी सूचित नहीं किया गया है। इन टीचरों को चुनावी ड्यूटी पर लगाया गया था। विभाग ने इनको स्कूलों से रिलीव तक कर दिया, मगर स्थानीय चुनाव अधिकारी एवं एडीएम को इसकी सूचना तक नहीं दी गई। इस बात का खुलासा तब हुआ, इन टीचरों ने अपने नए स्टेशन पर ज्वाइनिंग के बाद एडीएम को चुनाव ड्यूटी के संबंध में अपनी स्थिति स्पष्ट की। इस मामले में आचार संहिता के उल्लंघन के साथ ही जनजातीय प्रशासन के नियमों का उल्लंघन करने की भी बात कही जा रही है। ज्ञात रहे कि जनजातीय क्षेत्र में अलग से प्रशासनिक अधिकारी तैनात किए गए हैं और यहां के सभी विभागों को अपने निर्णयों के संबंध में प्रशासनिक अधिकारी को सूचित करना पड़ता है। ट्रांसफर से पहले न केवल एसडीएम को सूचना दी जानी चाहिए थी, बल्कि इन टीचरों की जगह किसी अन्य की तैनाती भी अनिवार्य थी। यहां इन सभी बातों की उपेक्षा की गई है। उधर, एडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी भरमौर बीआर कंवल ने इस मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि प्राइमरी शिक्षा विभाग के उपनिदेशक से जवाब तलबी की गई है। ट्रांसफर के बारे में विभाग ने उन्हें सूचित नहीं किया है। ट्रांसफर किए गए टीचरों को चुनाव ड्यूटी पर तैनात किए गया है और चुनाव रिहर्सल में भी शामिल हो चुके हैं। उधर, शिक्षा विभाग के प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक एसके पुंडीर ने कहा कि कोर्ट के आदेशों पर कुछ टीचरों के तबादले किए हैं।

Related posts