
मंडी। मंडी संसदीय उप चुनाव में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने अपने-अपने हलकों से पार्टी को भारी मतों की बढ़त देकर अपनी परफॉरमेंस को हाईकमान और मुख्यमंत्री के समक्ष सही साबित किया है। सराज विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर बाकी सभी 16 विस क्षेत्रों में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह को अप्रत्याशित लीड मिली है।
कांग्रेस पार्टी की ओर से सभी मंत्रियों और विधायकों को भी विधानसभा वार जिम्मेदारी सौंपी गई थी। साथ ही अपने-अपने हलकों से पार्टी प्रत्याशी को लीड देकर परफॉरमेंस साबित करनी थी। इस पर सभी मंत्री और विधायक खरे उतरे हैं। लीड दिलाने में भरमौर के विधायक एवं वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी दूसरे स्थान पर रहे। भरमौर से 16,117 मतों की लीड मिली। आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी अपने चुनाव क्षेत्र बल्ह में 11,776 मतों की लीड देकर तीसरे स्थान पर रहे। पिछले लोकसभा चुनाव में बल्ह से भाजपा को बढ़त मिली थी।
स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर भी अपने चुनाव क्षेत्र द्रंग से 9,643 मतों की लीड दिलाने में कामयाब रहे। शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा को उप चुनाव में जोगिंद्रनगर हलके की कमान सौंपी गई थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुटकर भाजपा के समीकरण को बिगाड़ दिया। भले ही जोगिंद्रनगर से कांग्रेस को सबसे कम 491 मतों की लीड मिली हो लेकिन भाजपा विधायक गुलाब सिंह ठाकुर के क्षेत्र में इस लीड को भी कांग्रेस बड़ी उपलब्धि मान रही है। पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा के चुनाव क्षेत्र सदर से कांग्रेस को 6062 मतों की लीड मिली। पिछले चुनाव की तुलना में यहां से लीड में वृद्धि हुई है। मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल के चुनाव क्षेत्र सुंदरनगर से कांग्रेस को 5,700 मतों की लीड मिली। यहां से भाजपा से निष्कासित रूप सिंह ने जय राम ठाकुर को समर्थन का एलान किया था।
