
केलांग (लाहौल-स्पीति)। मंडी संसदीय उप चुनाव में जनजातीय विधानसभा हलकों के करीब डेढ़ लाख वोटर प्रत्याशियों की हार-जीत में अहम भूमिका अदा करेंगे। प्रदेश के किन्नौर, लाहौल-स्पीति और भरमौर मंडी लोकसभा क्षेत्रों के अंतर्गत यहां के 1,37,904 वोटर मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी के भाग्य के फैसला करने में मुख्य भूमिका निभाएंगे।
मंडी लोकसभा के अब तक हुए 15 संसदीय चुनावों में कांग्रेस 11 भाजपा 3 और भारतीय लोकदल पार्टी एक दफा चुनाव जीते हैं। इस बार बदले राजनीतिक समीकरणों के बीच दोनों पार्टियों को प्रत्याशी के लिए बढ़त दिलाना किसी चुनौती से कम नहीं होगा। लाहौल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर का दावा है कि घाटी में इस बार कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में एक तरफा वोट पड़ेंगे।
वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी कहते हैं कि मंडी संसदीय उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत में जनजातीय क्षेत्रों के वोटर अहम रोल अदा करेंगे।
जिला भाजपा अध्यक्ष सूरत राम शर्मा ने कहा कि पार्टी प्रत्याशी को बढ़त दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट करते हुए चुनाव प्रचार शुरू किया जाएगा।
