
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग तथा युवा स्की क्लब केलांग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित सात दिवसीय स्कीइंग प्रशिक्षण कोर्स का शनिवार को समापन हो गया। मुख्यातिथि उपायुक्त बीर सिंह ठाकुर रहे। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। डीसी ने कहा कि जिले की भौगोलिक परिस्थितियों के मुताबिक बर्फ से घबराने के बजाय उसे अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए उपयोग में लाना चाहिए। स्कीइंग एक साहसिक खेल है। इससे जिले के युवा अपनी प्रतिभा का लोहा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनवा सकते हैं। प्रतिभागी बालिका देकिद और प्रशिक्षु सोनम दावा ने शिविर में प्राप्त किए प्रशिक्षण पर विचार साझा किए। एसडीएम केलांग प्रशांत सरकैक ने कहा कि जिले में शीतकालीन खेलों की अपार संभावनाएं हैं। विभाग ने जिले में हर वर्ष स्की प्रशिक्षण शिविर लगाने का लक्ष्य रखा है। यह प्रशिक्षण शिविर भी इसी लक्ष्य की एक कड़ी है। शिविर में आर्यन, सोनम दावा, छेरिंग, प्रविंद्र, देकिद छोमो, तंजिन नोरबू, पदमा, नवांग टशी, आदर्श बौद्ध, ऋत्विक कुमार, टशी पलजोर, छेरिंग टशी दोरजे सहित 17 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। अंतिम दिन प्रतिभागियों की प्रतियोगिता हुई। इसमें ऋषभ डोगरा प्रथम, नवांग छेरिंग द्वितीय और सिद्धार्थ यंबा तृतीय रहे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक एस शिवा, तहसीलदार जीवन सिंह नेगी, नोरबू पांस, केलंग ज्ञालछन सहित अन्य भी मौजूद रहे।
