उपला टकनौर में सेब खरीद शुरू

उत्तरकाशी। गढ़वाल मंडल विकास निगम के आला अफसरों ने पैदल उपला टकनौर पहुंचकर तीन दिन तक थमी रही सेब की खरीद फिर शुरू करवा दी। उन्होंने काश्तकारों को 15 अक्तूबर तक सारा सेब खरीदने का भरोसा दिलाया। सेब की खरीद शुरू होने पर काश्तकारों ने राहत की सांस ली है।
सरकार ने अलग-थलग पड़े उपला टकनौर क्षेत्र से समर्थन मूल्य 30 रुपये प्रति किलो की दर से सेब खरीदने की घोषणा की थी। गढ़वाल मंडल विकास निगम को इसके लिए नियुक्त किया गया। निगम ने सरकार से प्राप्त एक करोड़ के बजट से यहां 3150 किलो सेब खरीदने के बाद बजट खत्म होने पर खरीद बंद कर दी थी। जिससे काश्तकारों में रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों के रोष को देखते हुए शुक्रवार को गढ़वाल मंडल विकास निगम के महाप्रबंधक प्रताप शाह तथा सहायक महाप्रबंधक धनंजय असवाल गंगोत्री हाईवे बंद होने के कारण पैदल ही हर्षिल पहुंचे। वहां उन्होंने काश्तकारों के साथ बैठक कर उनका सारा सेब खरीदने का भरोसा दिलाया। सेब की खरीद दोबारा शुरू होने पर हर्षिल के सेब किसान डा. नागेंद्र सिंह, धराली के जयभगवान पंवार, मुखबा के खुशहाल सिंह ने हर्ष जताया है।

Related posts