
नारायणबगड़। ब्लाक की एकमात्र को-ऑपरेटिव बैंक शाखा में इंटरनेट कनेक्टिविटी के अभाव में पांच दिन से कामकाज ठप पड़ा है। समस्या से बैंक से जुड़े उपभोक्ताओं को जहां निराश लौटना पड़ रहा है, वहीं बैंक लाखों का नुकसान हो रहा है।
कंप्यूटरीकृत शाखा में कनेक्टिविटी फेल है। उपभोक्ता यहां पहुंच रहे हैं और अधिकारियों के आश्वासन के बाद लौट रहे हैं। सबसे बड़ी दिक्कत क्षेत्र के दूरस्थ उत्तरी कड़ाकोट, गडनी क्षेत्र, श्रीगुरु पट्टी, तल्ला बधाण के बैंक उपभोक्ताओं को झेलनी पड़ रही है। शिक्षक गोपाल सिंह, प्रकाश सिंह, रणवीर सिंह, कुंवर सिंह, धीरेंद्र सिंह, ओम प्रकाश, संतोष आदि का कहना है कि वे अपने खाते से रुपये निकालने और अन्य जरूरी काम से लगातार पांचवें दिन भी बैंक पहुंचे, लेकिन उन्हें निराश ही लौटना पड़ा।
जिला और देहरादून मुख्यालय को बैंक में नेटवर्क फेल होने की सूचना दी जा चुकी है। बताया गया कि घनसाली से मैकेनिक भेजा गया है, लेकिन अभी तक कोई नहीं पहुंचा है। मुंबई से कनेक्टिविटी दिक्कत आ रही है। बैंक बंद होने से लाखों का नुकसान भी हो गया है।
– टीपी नैनवाल, शाखा प्रबंधक को-ऑपरेटिव बैंक नारायणबगड़
