उपप्रधान और पूर्व प्रधान के बीच हाथापाई

गगल (कांगड़ा)। निकटवर्ती पंचायत राजोल के उपप्रधान इंद्रजीत और पूर्व प्रधान प्रदीप कुमार के बीच कूहल निर्माण कार्य को लेकर हाथापाई हो गई। मारपीट में पंचायत उपप्रधान के सिर पर गहरी चोट लग गई। इंद्रजीत को पास के तियारा अस्पताल में ले जाया गया और उनके सिर पर नौ टांके लगे हैं। जिसकी उपप्रधान ने गगल पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं, पूर्व प्रधान और कूहल निर्माण समिति के प्रधान प्रदीप कुमार ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। प्रदीप का कहना है कि इंद्रजीत निर्माण कार्य में बाधाएं पैदा कर रहा है। साथ ही आरोप लगाया है कि इंद्रजीत के रिश्तेदारों ने राजोल स्थित उनके रिश्तेदार की दुकान पर भी जाकर तोड़फोड़ की है। वहीं, गगल पुलिस चौकी प्रभारी हंसराज का कहना है कि इंद्रजीत का मेडिकल करवाया गया है और पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts