
धौलाकुआं (सिरमौर)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने ऐलान किया है कि पांवटा एवं कालाअंब के किसान अपनी उपजाऊ भूमि उद्योग लगाने को न दें। उद्योगतियों को भी जमीन तभी मिलेगी जब वह अपनी आवश्यकता के बारे में सरकार को लिखित में जानकारी देेंगे। माजरा के रामलीला ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि कालाअंब, पांवटा तथा बद्दी के उद्योगपति प्रापर्टी डीलिंग का काम कर रहे हैं। वह किसानों से सस्ते रेट पर जमीन खरीद कर आगे महंगे दामों में बेच रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यहां उद्योग लगाने वाले यदि 70 फीसदी हिमाचलियों को रोजगार नहीं देते हैं तो वह अपना बोरिया-बिस्तर यहां से समेट लें। उन्होंने कहा कि रेणुका उपचुनाव में पांवटा के पूर्व विधायक शराब मामले में पकड़े गए थे। पूरे प्रकरण की जांच करने की बजाय तत्कालीन पुलिस कर्मियों ने उस फाइल को दबा दिया। मामले में सम्मलित पुलिस अधिकारियों को भी नहीं बख्शा जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी चारों सीटों पर विजयी होगी। इस मौकेपर सीपीएस विनय कुमार, योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष जीआर मुासाफिर, प्रदेश उपाध्यक्ष हर्षवर्धन चौहान, जिला अध्यक्ष अजय सोलंकी आदि मौजूद थे।
सीएम ने थाना एवं आईटीआई भवन का किया उद्घाटन
नाहन (सिरमौर)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बुधवार को नाहन में पहले राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नाहन में नवनिर्मित सेंटर आफ एक्सीलेंसी भवन का उद्घाटन किया। इस मौके पर तकनीक शिक्षा मंत्री जीएस बाली भी मौजूद थे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नाहन में नए थाना भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुमेधा द्विवेदी, एएसपी भगत सिंह ठाकुर, डीएसपी मुख्यालय खजाना राम, थाना प्रभारी लायक राम सिसौदिया आदि मौजूद थे।
