
मंडी। मंडी संसदीय क्षेत्र में पहली बार हो रहे उपचुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने 16 विधानसभा क्षेत्रों में तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार को मतदान होगा। सभी मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियों ने पहुंच कर मतदान के लिए प्रबंध कर दिए हैं। निर्वाचन आयोग के आदेशों के अनुसार रविवार को मंडी संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत 16 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। सभी पोलिंग बूथों पर सुबह आठ बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी और शाम पांच बजे तक चलेगी। चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारी शनिवार को मतदान केंद्रों पर पहुंच गए हैं। पोलिंग पार्टियों ने अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मतदान के लिए सभी तैयारियां कर ली हैं। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से करवाने के लिए संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बल तैनात किया गया। मंडी जिले के अंतर्गत सुंदरनगर, मंडी सदर, बल्ह, करसोग, नाचन, सराज, सरकाघाट, जोगिंद्रनगर, द्रंग के 967 मतदान केंद्रों में रविवार को वोट डाले जाएंगे। इसके अलावा चंबा के भरमौर, लाहुल स्पीति, कुल्लू जिला के मनाली, कुल्लू, बंजार, आनी, शिमला जिला के रामपुर विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा।
