उपचार से संबंधित हर जानकारी मिलेगी

शिमला। दीन दयाल उपाध्याय क्षेत्रीय अस्पताल (रिपन) में उपचाराधीन गर्भवती महिलाओं की सुविधा के लिए ग्रामीण स्वास्थ्य के तहत नई एसएमएस सेवा शुरू की गई है। इसके तहत उपचार करवाने वाली हर महिला को अस्पताल उसके मोबाइल पर दवा लेने सहित बच्चों के टीके लगाने और दवा लेने के साथ ही उपचार से जुड़ी हर जानकारी उपलब्ध करवाएगा। ट्रायल के तौर पर सेवा शुरू कर दी गई है। इसके लिए स्टाफ को भी प्रशिक्षित कर दिया गया है। इस सेवा से किसी को भी जानकारी के लिए ज्यादा परेशान नहीं होना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग ने खुद को अपडेट कर लिया है। वह घर बैठे यह जानकारी उपलब्ध कराएगा कि अब आपके घर नन्हा मुन्ना आने वाला है। बहू को अस्पताल ले जाओ।
मोबाइल पर एसएमएस भेज कर लाड़ले को कब कौन-सी दवा देनी है, कब कौन-सा टीका लगवाना है या कब उपचार के लिए अस्पताल लाना है, हर जानकारी से महिला को अपडेट कर दिया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. आर के गुप्ता ने बताया कि यह सेवा पिछले साल से चल रही है। अभी इस सेवा के बारे में कई लोग नहीं जानते हैं। ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक करने के लिए उन्होंने अस्पतालों के स्टाफ को पूरी तरह ट्रेंड कर दिया है। जब भी कोई गर्भवती महिला अस्पताल में उपचार करवाने के लिए आए, उस समय उसका मोबाइल नंबर लिया जाए। साथ ही महिला को इस सेवा के बारे में सूचित भी किया जाए। इस योजना को शुरू करने के लिए कमला नेहरू अस्पताल को प्रस्ताव दे दिया गया है।

Related posts