
बद्दी (सोलन)। बरोटीवाला क्षेत्र में कुछ उद्योगों के बायलर से निकलने वाली राख पक चुकी गेहूं की फसल पर जम गई है। किसानों का कहना है कि इससे गेहूं की कटाई करने में दिक्कतें हो रही हैं। काले रंग यह राख गेहूं में दराती लगाते ही उड़ना शुरू हो जाती है, जिससे सांस की शिकायत हो रही है। लोगों ने प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड और राजस्व विभाग के अधिकारियों से इस संबंध में कार्रवाई की मांग की है।
बरोटीवाला के उदय राम चौधरी, सतीवाला के पत राम ठाकुर, बुरांवाला के जय चंद, राजेंद्र राणा, दामोवाल के गोपाल सिंह और बोनी के हर भजन सिंह ने बताया कि उद्योगों से क्षेत्र के विकास हुआ है, वहीं उन्हें कई समस्याओं का सामना भी करना पड़ रहा है। कुछ गांव के साथ बोयलर वाले उद्योग स्थापित हैं जिसमें राइस हस्क का प्रयोग होता है। बोयलर से निकलने वाली काली राख फसल पर जम सी गई है। जिससे कटाई में दिक्कत हो रही है। यह राख पशु चारे पर भी बैठ रही है जिससे पशु चारा नहीं खा रहे हैं।
बरोटीवाला, सतीवाला, दामोवाला, बुरांवाला, भटोली कलां, पलांखवाला, छातीपुरा, बौनी आदि गांव में इन दिनों गेहूं की फसल की कटाई शुरू हो रही है, लेकिन बोयलर से निकलने वाले राइस हस्क का डस्ट कटाई करने में बाधा बना हुआ है। वहीं इस संबंध में बद्दी के तहसीलदार विकास शुक्ला ने कहा कि शीघ्र वे संबंधित क्षेत्र दौरा करके इसकी जांच करेंगे। जिन उद्योगों से प्रदूषण निकल रहा है उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रदूषण बोर्ड के अधिक्षण अभियंता चेतन जोशी के अनुसार इस संबंध में अभी तक कोई शिकायत नहीं आई है लेकिन शीघ्र ही विभागीय अधिकारी मौके पर जाकर इसकी जांच करेंगे।
