उद्योगों में मतदान के दिन रहेगा अवकाश

नालागढ़ (सोलन)। प्रदेश में सात मई को होने वाले मतदान के चलते जहां सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है, वहीं प्रदेश के उद्योगों में भी अवकाश रहेगा। इस दिन कामगार अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। वहीं उनका वेतन भी नहीं कटेगा।
चुनाव आयोग ने इस संबंध में निर्वाचन अधिकारियों के माध्यम से औद्योगिक संगठनों को पत्राचार किया है। यही नहीं जिला निर्वाचन अधिकारी सोलन ने भी औद्योगिक संघों से बैठक कर आदेश जारी किए हैं। इसके तहत मतदान वाले दिन कामगारों को उनके संवैधानिक अधिकार मतदान से महरूम न रखा जाएगा, इसके लिए उद्योगों में अवकाश रखा जाएगा। प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक संगठन बीबीएनआईए ने भी पत्राचार करके उद्योगों में अवकाश रखने की अपील की है। बीबीएनआईए के महासचिव वाईएस गुलेरिया ने कहा कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशानुसार उद्योगों में अवकाश रखा गया है। उन्होंने कामगारों से आह्वान किया कि वह मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।

Related posts