
रोहडू। जुब्बल और रोहडू के उद्यान केंद्रों में सेब बगीचों के लिए इस्तेमाल की जाने वाली आवश्यक दवाइयां नहीं मिल रही हैं। बागवानों को मजबूरी में दुकानों से महंगे दामों पर दवाई खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। हालांकि, कुछ दिन पहले उद्यान केंद्रों में डोडीन दवाई की खेप तो आई थी, लेकिन पर्याप्त मात्रा में दवाई न आने के कारण सभी बागवानों को आवश्यकता अनुसार दवाई नहीं मिल पा रही है। बागवानों का आरोप है कि बरसात शुरू होने के दौरान बागवानों ने बगीचों में पतझड़ से बचाव के लिए स्प्रे करनी थी, लेकिन उद्यान केंद्रों में दवाइयां उपलब्ध नहीं हैं। उद्यान विकास अधिकारी जुब्बल डा. केएन शर्मा ने बताया कि डोडीन की खेप केंद्र में आई है। डोडीन बागवानों को बांटी जा रही है। अन्य दवाइयां अगले सप्ताह तक पहुंच जाएंगी। उद्यान विकास अधिकारी रोहडू डा. आगरदास ने बताया कि डोडीन की एक खेप आई थी, जो समाप्त हो गई है। शीघ्र उद्यान केंद्रों में आवश्यक दवाइयाें की खेप आ जाएगी। थाना के बागवान अनिल चतरांटा ने बताया कि उद्यान केंद्रों में बागवानों को दवाइयां नहीं मिल रही हैं। लंबे समय से दवाइयों की खेप नहीं आई है। बागवानों को मजबूरन बाजार से महंगे दामों पर दवाई खरीदनी पड़ रही है। रोहडू के बागवान सुखदेव चौहान ने बताया कि उद्यान केंद्रों में समय पर दवाइयां उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी है। मांदल के बागवान अजय बिष्ट ने बताया कि लोग रोजाना दवाइयों के लिए उद्यान केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन दवाइयां उपलब्ध न होने के कारण बागवानों को खाली हाथ वापस आना पड़ रहा है। नावर क्षेत्र के बागवान राम प्रकाश जगीथटा ने बताया कि उद्यान केंद्रों में समय पर आवश्यकता अनुसार दवाइयां न मिलने के कारण बागवानों को दिक्कत हो रही है।
