
अल्मोड़ा। विनायक उत्सव भवन में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता शुरू हो गई है। उद्घाटन मैच में अल्मोड़ा के हिमांशु करायत ने ऊधमसिंहनगर के यश सतवाल को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। इससे पहले मुख्य अतिथि पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन हुए मुकाबलों में बालक वर्ग 23 से 25 किलो भार वर्ग में अल्मोड़ा के हिमांशु ने यूएसनगर के यश सतवाल को पराजित किया। देहरादून के सक्षम मिश्रा ने अल्मोड़ा के कृष्णा बिष्ट को हराया। बालिका फिन भार वर्ग में अल्मोड़ा की अंजली बिष्ट ने हरिद्वार की खुशी को पराजित किया। बालक फिन भार वर्ग में अल्मोड़ा के वंश भोज ने चंपावत के दिव्यार्थ शाह को शिकस्त दी। यूएसनगर के हिमांशु गोस्वामी ने नैनीताल के अक्षित जोशी को हराया।
इससे पहले प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने खेल प्रतिभाओं के विकास के लिए हर संभव प्रयास करने की बात कही। उनके अलावा जगमोहन बिष्ट, आनंद बल्लभ जोशी, रणजीत भंडारी, कुंदन बिष्ट, गिरीश मल्होत्रा आदि ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कमल बिष्ट और संचालन योगेश बोरा और ज्योति सतवाल ने संयुक्त रूप से किया। प्रतियोगिता में अल्मोड़ा के अलावा चमोली, यूएसनगर, देहरादून, चंपावत, नैनीताल, हरिद्वार जिलों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
