
देहरादून: भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियां उत्तराखंड बाढ़ पीड़ितों की मदद करने का दावा कर रहीं हैं। लेकिन ये खबरें इन पार्टियों के खोखले दावों की धज्जियां उड़ाती हुई नजर आ रही हैं। बीते सोमवार कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी ने उत्तराखंड के लिए राहत सामग्री से भरे ट्रक रवाना तो किए लेकिन वे ट्रक जरुरतमंदो तक पहुंचे या नहीं इससे पूरी पार्टी बेखबर है। आप यह बात जानकर हैरान हो जाएंगे कि इन ट्रकों को तीन दिन हो गए हैं रास्ते में फंसे हुए, लेकिन किसी ने उनकी सुध तक नहीं ली। इससे पहले मीडिया में नरेंद्र मोदी द्वार 15 हजार गुजरातियों को बचाने की खबरें आई थीं। जिसके बाद कांग्रेस हरकत में आई थी।
ट्रक ड्राइवरों की माने तो उनके पास खाने के लिए भी पैसे नहीं बचे हैं और अगर ऐसा ही चलता रहा तो वे राहत सामग्री बेचने के लिए मजबूर हो जाएंगे। गौरतलब है कि इन राहत समग्री से भरे ट्रको में खाने-पीने की चीजें और दवाइयां हैं।
