उड्यूड़ा गांव से विवाहिता आठ दिन से लापता

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा तहसील के उड्यूड़ा गांव से 26 वर्षीय एक विवाहिता पिछले आठ दिनों से लापता है। सलना गांव (ताकुला) निवासी विवाहिता के पिता हरी राम ने जिलाधिकारी को पत्र देकर लापता पुत्री का पता लगाने की गुहार लगाई है। विवाहिता अपने तीन बच्चों को ससुराल (उड्यूड़ा) में ही छोड़ गई है।
ताकुला ब्लाक के सलना गांव निवासी हरी राम ने डीएम को दिए पत्र में कहा है कि ससुराल उड्यूड़ा से उनकी 26 वर्षीय पुत्री अनीता पत्नी राजेंद्र राम पिछले 10 जुलाई से लापता है। हरी राम के अनुसार उसके ससुरालियों ने 11 जुलाई को फोन कर अनीता के मायके आने की बात कही, लेकिन वह मायके सलना नहीं पहुंची है। अनीता अपने एक पुत्र और दो पुत्रियों को ससुराल में ही छोड़कर गई है। पिता का कहना है कि उन्होंने पुत्री की सभी जगह तलाश कर ली है। हरी राम ने बताया कि पुत्री अनीता का पति राजेंद्र राम दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। वह इस बीच घर आया हुआ था और आठ जुलाई को ही दिल्ली लौटा है। पिता ने लापता पुत्री की जान को खतरा बताते हुए डीएम से ढूंढने की गुहार लगाई है।

Related posts