
चंबा। शिक्षा विभाग के लिए विभाग की पर्सनल ई-मेल आईडी जी का जंजाल बन गई है। विभाग की ओर से ddhechamba.org के नाम से ई-मेल आईडी बनाई गई है। यह आईडी केवल सूचना का संप्रेषण करने के लिए तैयार की है। इसके अलावा मुख्य सूचनाएं एकत्रित करने के लिए इसका उपयोग किया जाता है, लेकिन स्कूल मुखिया हर प्रकार की जानकारी इसी आईडी पर भेज देते हैं। इस आईडी पर सूचनाओं की इतनी भरमार लगी रहती है कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को सूचनाएं छांटने में परेशानी हो रही है। जिला भर के स्कूलों या अन्य कार्यालयों को पद विशेष से संबंधित सूचनाएं देने और प्राप्त करने के लिए पदवार ई-मेल आईडी भी बनाई गई हैं। स्कूलो के मुखिया इसका इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। विभाग में शिक्षा उपनिदेशक से लेकर, डिप्टी डीओ, ओएसीडी के लिए ई-मील आईडी बनाई गई। यही नहीं, बजट ब्रांच, स्कालरशिप ब्रांच, स्पोर्ट्स ब्रांच, नोडल आफिसर, अधीक्षक ग्रेड एक और दो तथा अन्य अधिकारियों के लिए भी अलग-अलग आईडी बनाई गई, ताकि विशेष विषय से संबंधित मामलों का निपटारा शीघ्र करने में आसानी रहेगी। विभाग की ओर से इस बारे में स्कूल मुखिया को सूचित कर दिया गया है। इसके बावजूद स्कूल मुखिया ddhechamba.org पर डाल रहे हैं। इससे जहां समय पर सूचनाएं प्राप्त नहीं हो रही हैं, वहीं कई बार ई-मेल आईडी चेक न होने से स्कूलों के काम लटक रहे हैं। उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि विभाग में पदवार ई-मेल आईडी बनाई गई है। उन्होंने कहा कि जो भी सूचना जिस विभाग या अधिकारी से संबंधित है वह संबंधित अधिकारी की ई-मेल आईडी पर भेजें अथवा प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि इससे सूचनाओं को स्पीड अप करने में सहुलियत मिलेगी। उन्हाेंने सभी स्कूल के मुखियाओं को निर्देश दिए हैं कि सूचनाएं केवल पदवार ई-मेल आईडी पर ही सप्रेंषित करें।
