
मुकदादिया: ईराक की एक शिया मस्जिद में एक आत्मघाती विस्फोट में कम से कम 22 लोग मारे गए हैं। पुलिस ने बताया कि राजधानी बगदाद से तकरीबन 80 किमी उत्तर पूर्व स्थित शहर मकदादिया में विस्फोट उस समय हुआ जब वहां हाल ही में सड़क किनारे हुए एक बम धमाके में मारे गए पुलिस अधिकारी की मौत का मातम मनाया जा रहा था।
धमाका इतना जबरदस्त था कि मस्जिद की छत नीचे आ गिरी। पुलिस का कहना है कि मलबा हटाने पर मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय से देश में शिया और सुन्नी समुदायों के बीच हिंसा काफी बढ़ गई है। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के मुताबिक इस साल जून महीने में इस हिंसा में 761 लोग मारे गए थे।
